गुमला: लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध हालात में मौत, फंदे से झूलता मिला शव

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित सरांगो नवाटोली गांव से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार सुबह की है, जब उसका शव घर में फंदे से झूलता पाया गया।

​मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह पिछले 5 महीनों से सरांगो नवाटोली निवासी आर्यांश तुरी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे आर्यांश ने प्रियंका का शव फंदे पर झूलता देखा, जिसके बाद उसने तुरंत परिजनों और घाघरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

​परिजनों के अनुसार, सोमवार को प्रियंका दो अन्य युवतियों के साथ पास के जंगल में घूमने गई थी। वहां से लौटने के बाद उसका मानसिक संतुलन असामान्य प्रतीत हो रहा था। वह घर आने के बजाय घने जंगल की ओर भागने लगी थी, जिसे साथ गई युवतियों ने पकड़कर किसी तरह घर वापस लाया।

​इस मामले में मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन बुधवार को मायके आना चाहती थी और उसने इसके लिए फोन भी किया था, लेकिन परिजनों ने उसे आने नहीं दिया। इसके अगले ही दिन यानी गुरुवार सुबह उन्हें प्रियंका की मौत की सूचना मिली।

​घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घाघरा थानेदार मोहन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और आगे की स्थिति का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

error: Content is protected !!