कोडरमा में बड़ा हादसा: ट्रेन से गिरकर बिहार की 22 वर्षीय नेहा की मौत, पटरियों पर मिला शव,शुक्रवार शाम से लापता थीं…

कोडरमा। धनबाद-गया रेल खंड के अंतर्गत आने वाले तिलैया थाना क्षेत्र के टीनवाटांड के पास शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। रेलवे पटरियों की नियमित जांच पर निकले ट्रैकमैन ने अपलाइन के पोल संख्या 394/27 के पास एक युवती का शव पड़ा देखा। मृतका की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के महनार निवासी 22 वर्षीय नेहा कुमारी (पिता: संजय कुमार सिन्हा) के रूप में की गई है।
दस्तावेजों से हुई पहचान
घटना की भनक लगते ही कोडरमा RPF (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मृतका के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर उसका आधार कार्ड, कॉलेज के शैक्षणिक प्रमाणपत्र और औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के बच्चों की मार्कशीट बरामद हुई। इन दस्तावेजों के आधार पर ही मृतका की शिनाख्त संभव हो सकी।
चलती ट्रेन से गिरने की आशंका
RPF की शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि नेहा किसी ट्रेन से यात्रा कर रही थी। सफर के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने या किसी हादसे के कारण वह ट्रेन से पटरियों पर आ गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन धनबाद-गया रेल खंड की अप तथा डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे।इसी दौरान अपलाइन के पोल संख्या 394/27 के पास एक महिला का शव पड़ा मिला। ट्रैकमैन ने तत्काल इसकी सूचना कोडरमा आरपीएफ को दी। जिसके बाद जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटनास्थल से बरामद एक बैग में रखे आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई।बैग से औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के बच्चों की मार्कशीट, नेहा के कॉलेज के सर्टिफिकेट और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी मिले हैं।
मृतका की बहन लवली सिन्हा ने बताया कि वह और नेहा दाउदनगर स्थित डिवाइन स्ट्रीम मिशन स्कूल में साथ पढ़ाती थीं।शुक्रवार को नेहा स्कूल से पढ़ाने के बाद बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकली थी। लवली के अनुसार, नेहा रोज शाम 5 बजे तक ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट आती थी, लेकिन उस दिन देर शाम तक वह वापस नहीं आई।
परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में मैसेज करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रात करीब 8 बजे जब दोबारा कॉल किया गया तो मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा।इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी का सन्हा दर्ज कराया था। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन कोडरमा पहुंचने वाले हैं।

