NIA की बड़ी कार्रवाई: झारखण्ड के कोडरमा में विस्फोटकों की तस्करी का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार, 1662 डेटोनेटर और 16 लाख कैश बरामद

कोडरमा /नई दिल्ली।राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अवैध विस्फोटकों के भंडारण और तस्करी के एक गंभीर मामले में झारखण्ड के कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए की टीमों ने गुरुवार सुबह छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री, नकद रुपये तथा संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं।
एनआईए की इस कार्रवाई में मैगजीन हाउस संचालक शंकर यादव (निवासी: नवादा, डोमचांच) और उसके साझेदार महेश मेहता (निवासी: नावाडीह) को गिरफ्तार किया गया है।छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने 1,662 अवैध नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 16 लाख रुपये नकद, 5 डिजिटल डिवाइस और 22 अलग-अलग भूखंडों के दस्तावेज व कई अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2024 में दर्ज केस (RC-16/2024/NIA/DLI) के सिलसिले में की गई है। एनआईए द्वारा अक्टूबर 2024 में दर्ज किए गए इस मामले की शुरुआत पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा स्थित साल्टोरा इलाके में हुए एक मोटरसाइकिल ब्लास्ट से हुई थी। उस धमाके में अवैध रूप से विस्फोटक ले जा रहे आरोपी जॉयदेब मोंडल उर्फ बबलू मोंडल की मौत हो गई थी।
मामले की जांच के दौरान एनआईए ने पाया कि बिना किसी वैध लाइसेंस के विस्फोटकों का भंडारण और परिवहन करने वाला एक खतरनाक गुप्त नेटवर्क सक्रिय है। इस केस में पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
जांच में इनपुट मिलने के बाद कि विस्फोटकों की आपूर्ति कोडरमा के डोमचांच से की जा रही है, एनआईए की 12 सदस्यीय टीम कोलकाता से पहुँची। स्थानीय तीन थानों की पुलिस के सहयोग से गुरुवार सुबह करीब 5 बजे डोमचांच और नवलशाही क्षेत्र के 4 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
पहली टीम ने नवादा स्थित मैगजीन हाउस से शंकर यादव और महेश मेहता को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी टीम ने शंकर यादव के घर पर दबिश देकर 16 लाख रुपये नकद, 5 डिजिटल डिवाइस और जमीन के 22 दस्तावेज जब्त किए। इसके बाद दोनों आरोपियों को थाने लाकर देर शाम तक पूछताछ की गई।
एनआईए की प्रेस रिलीज के अनुसार, एजेंसी अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इन अवैध विस्फोटकों की सप्लाई कहाँ से हो रही थी और इन्हें किस जगह पहुँचाया जाना था, ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

