राँची में बीजेपी-कांग्रेस के बीच हिंसक झड़प: प्रदेश भाजपा कार्यालय पर हमला, दर्ज कराई गई दो एफआईआर…कांग्रेस की ओर से भी मामला दर्ज कराया..

राँची।राजधानी राँची स्थित हरमू रोड पर भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भीषण हिंसा, पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। इस झड़प में कई भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद भाजपा की ओर से अरगोड़ा थाने में दो अलग-अलग लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें कांग्रेस के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला करने, दंगा भड़काने, तोड़फोड़ और छिनतई के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दोपहर में हुआ हंगामा, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
थाने में दर्ज कराई गई शिकायतों के अनुसार, यह घटना 23 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 01:30 बजे की है। आरोप है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के निर्देश पर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और पत्थर लेकर हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में घुस आए और हमला कर दिया।
घायलों में एक का सिर फटा, छिनतई का भी आरोप
पहली एफआईआर भाजपा कार्यकर्ता संजय चौधरी (उम्र 55 वर्ष) की ओर से दर्ज कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके सिर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत हरमू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगे हैं।
दूसरी एफआईआर भाजपा राँची महानगर के जिलाध्यक्ष वरुण कुमार ने दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि जब वे अपनी जान बचाने का प्रयास कर रहे थे, तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला बोला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस अराजकता के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सुशील दुबे की टाइटन कंपनी की घड़ी और सोने की चेन भी छीन ली गई।
दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता घायल
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इस हमले में संजय चौधरी और वरुण कुमार के अलावा संजीत सिंह, सौरभ कश्यप, आलोक पिताम्बर, सन्नी टोप्पो, सुनील साहू, अमन जयसवाल, सुशील दुबे, अमिताभ धीरज, नितिन राणा, रोमित नारायण सिंह, पियुष विजयवर्गीय, राहुल चौबे, पवन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, साफिया नाज, जॉनी वाकर खान और महावीर सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर केस की मांग
भाजपा नेताओं ने अरगोड़ा थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार राजा, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, प्रदीप तुलस्यान, राकेश सिन्हा, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, किशोर शाहदेव, डॉ. तौसिफ, शहबाज अहमद, आलोक दुबे, सोमनाथ मुण्डा (राँची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष), अजय नाथ शाहदेव, सुरेन्द्र सिंह और सैकड़ों अन्य अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट, दंगा, तोड़फोड़, पत्थरबाजी, छिनतई और हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।दोनों शिकायतों के साथ घटना का वीडियो (पेन ड्राइव में) और चिकित्सीय इलाज की रसीदें भी पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपी गई हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कांग्रेस की ओर से भी मामला दर्ज कराया
कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में भाजपा के 15 नेताओं को नामजद किया गया है, जबकि करीब 100 अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान अंडे, पानी से भरी बोतलें, शीशे की बोतलें, पत्थर और डंडों का इस्तेमाल कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।
कांग्रेस का दावा है कि इस हिंसक घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा मौके पर मौजूद पत्रकार और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।एफआईआर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर मौजूद बताए गए भाजपा नेता प्रत्यूष सहदेव, अशोक बड़ाईक, योगेंद्र प्रताप सिंह, शशांक राज, रवि मुंडा, वरुण साहू, संजय महतो, वार्ड-41 की पार्षद नीलम चौधरी, सत्यनारायण सिंह, भाजपा कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, संजय जायसवाल समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इन नेताओं की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर हमला किया और पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया।
‘

