कुख्यात अंतरराज्यीय चोर पुलिस की पकड़ से दूर, पत्नियां चढ़ीं हत्थे; 17.36 लाख नकद और गहने बरामद

राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के 17.36 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की है। मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य चोर अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 172/26 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार बरामद की गई। साथ ही चोरी के कुछ सोने के गहने और 17,36,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा के रूप में की है। छापेमारी के दौरान इरफान और अफरोज के घरों से उनकी पत्नियों के पास से चोरी के गहने और नकदी बरामद हुई। इसके बाद गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
अनुसंधान में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी इरफान एक कुख्यात अंतरराज्यीय चोर है, जिसने कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद सामान में 17.36 लाख रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक डायमंड, तीन सोने की अंगूठियां और एक ब्लू रंग की जगुआर कार शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एसआईटी के साथ तकनीकी शाखा, क्यूआरटी और विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही।

