Jharkhand:पलामू के नावाजार थाना क्षेत्र के राजगढ़ा गांव स्थित अलग-अलग कुएं से महिला और उसके दो बच्चों का शव बरामद,परिजन ने हत्या का आरोप लगाया

पलामू।जिले के नावाजार थाना क्षेत्र के राजगढ़ा गांव स्थित अलग-अलग कुएं से महिला और उसके दो बच्चों का शव शुक्रवार की देर रात बरामद किया गया। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा कर मामले की जांच में जुट गई है।मरने वालों में आशीष पांडे की पत्नी सोनी देवी (25) और 5 साल की पुत्री समृद्धि कुमारी और 3 साल का बेटा सर्दशी कुमार शामिल हैं।मिली जानकारी अनुसार गुरुवार को ही महिला के पति ने थाना में पत्नी और दोनों बच्चों के गुमशुदगी का केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसे कुछ शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने ससुर ब्रजकिशोर पांडे और जेठ श्रीकांत पांडे और पति आशीष पांडे से पूछताछ शुरू की। उनकी निशानदेही पर उनके घर के सामने कुएं से दोनों बच्चों का शव मिला। वहीं,पास ही दूसरे कुएं से सोनी देवी की लाश भी बरामद की गई। उनका कहना है कि सोनी देवी ने घर में झगड़ा के बाद बच्चों संग कुएं में कूद जान दे दी।

गुरुवार को ही सोनी देवी के पति ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था।

इधर, घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का खुलासा हो सकता है। वहीं,सोनी देवी के परिजन ने हत्या की आशंका जाहिर है। मायके वालों ने बताया कि सोनी को ससुराल पक्ष द्वारा बार-बार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।