Jharkhand:लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र में युवक का शव पेड़ से लटका मिला,हत्या की आशंका,पिता ने कहा-किसी से नहीं है कोई दुश्मनी..

लातेहार।मनिका थाना क्षेत्र के नामुदाग गांव में बदमाशों ने युवक की हत्या कर पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।घटना शुक्रवार रात की है। शनिवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने से पहले पुलिस और ग्रामीणों में नोकझोंक भी हुई।लेकिन पुलिस ने आक्रोशित को समझाकर मामला शांत करा दिया।

मृतक की पहचान 30 साल के ब्रजेश ठाकुर के रूप में की गई है। पिता राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि मेरे बेटे का किसी के साथ कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं था। वह शुक्रवार शाम 6 बजे घर से बाहर अंडा खाने के लिए निकला था लेकिन वह रात में नहीं लौटा। सुबह जब परिजन और ग्रामीणों ने खोजबीन की तो घर के बगल में ही महुआ के पेड़ के नीचे लटका शव मिला।

रोते बिलखते युवक के पिता और परिजन

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी अमरनाथ,मनिका थानेदार प्रभाकर मुंडा दल बल के साथ नामुदाग गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही। लेकिन पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत करा दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे भी हैं।

पुलिस का है कहना

मनिका के थानेदार प्रभाकर मुंडा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया में मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।