चोरी के माल की बिक्री से पहले धराए शातिर, लाखों के जेवर और शराब बरामद

खूंटी। जिले की पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही खूंटी, राँची और सरायकेला में हुई चोरी की चार बड़ी वारदातों का खुलासा हो गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी के जेवरात, महंगी अंग्रेजी शराब, चोरी में इस्तेमाल कार और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को एसपी ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि तोरपा थाना कांड संख्या-39/26 से जुड़े आरोपी चोरी के आभूषणों को बेचने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ तोरपा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने जमशेदपुर और सरायकेला जिले में एक साथ छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ज्वेलरी दुकान और शराब दुकान में चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार, मो. अफरोज, बाबू पिल्ले और अजय शर्मा के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, महंगी अंग्रेजी शराब, चोरी में प्रयुक्त कार और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से अलग-अलग जिलों में सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि उनसे चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े अहम सुराग भी मिल सकते हैं।

