कोडरमा में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक मैगज़ीन हाउस और मालिक के घर पर छापेमारी

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवलशाही थाना क्षेत्र के नवादा-फुलवरिया के पास स्थित एक विस्फोटक मैगज़ीन हाउस में छापेमारी की। टीम सुबह से ही परिसर में दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी रही। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
जानकारी के अनुसार, जिस विस्फोटक मैगज़ीन हाउस में जांच की जा रही है, वह लोकाई निवासी शंकर यादव का बताया जा रहा है। एनआईए की टीम ने मैगज़ीन हाउस के अलावा लोकाई स्थित उनके आवास पर भी पहुंचकर तलाशी ली और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विस्फोटक सामग्री की कथित अवैध आपूर्ति से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं विस्फोटक सामग्री प्रतिबंधित संगठनों या नक्सलियों तक तो नहीं पहुंचाई गई। हालांकि, इस संबंध में एनआईए या जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि जांच का दायरा केवल एक मैगज़ीन हाउस तक सीमित नहीं रह सकता। जरूरत पड़ने पर जिले के अन्य विस्फोटक भंडारण केंद्रों की भी जांच की जा सकती है।
फिलहाल एनआईए की कार्रवाई जारी है। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और जांच के उद्देश्य को लेकर आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।

