राँची: केले के विवाद में फल विक्रेता को लाठी-डंडों से पीटा, वारदात CCTV में कैद

राँची।राजधानी राँची के रातु थाना क्षेत्र स्थित तिलता चौक पर उस समय अफ़रा-तफ़री मच गई, जब मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार को एक फल दुकान पर कुछ असामाजिक तत्वों ने गोलबंद होकर दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया है। पूरी वारदात दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित फल दुकानदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले हुए एक सामान्य लेन-देन से हुई थी।आरोपियों ने कुछ दिन पहले पीड़ित की दुकान से दो ट्रे केले खरीदे थे। मंगलवार को वे लोग दोबारा दुकान पर पहुँचे और आरोप लगाने लगे कि बेचे गए केले खराब निकले। इसके बाद वे जबरन अपने पैसे वापस माँगने लगे। जब दुकानदार ने पैसे लौटाने से इनकार किया और समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। विरोध करने पर हमलावरों ने लामबंद होकर लाठी-डंडों से दुकानदार पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार का इलाज कराया गया। इसके बाद पीड़ित ने रातु थाना पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित आवेदन दिया है और सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात साफ तौर पर कैद हुई है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर दुकानदार पर हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रातु थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की सत्यता की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

