बोकारो:वीडियो वायरल होते ही एसपी ने बड़ी कार्रवाई की, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी को किया सस्पेंड
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों के ऊपर एसपी नाथू सिंह मीणा ने सख्त कार्रवाई की है। एसपी मंगलवार की शाम चीरा चास थाना प्रभारी और दो अन्य पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गौरतलब हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो की जांच के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।
दरअसल,कल यानि चार मई 2026 की शाम को चीरा चास थाना क्षेत्र के दीगा रीजेंसी के पास एक मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि मनीष हर्ष पांडे और उनके सहयोगियों ने एक मामले के अभियुक्त आरिफ अंसारी के साथ मारपीट की थी। सूचना मिलते ही गश्ती दल के अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार और एएसआई संजय कुमार मंडल मौके पर पहुंचे।वहीं मारपीट में घायल आरिफ को थाना लेकर आया और उसे हाजत में बंद कर दिया।
वहीं,सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसडीपीओ चास द्वारा की गई जांच में यह बात सामने आई कि मारपीट में घायल आरिफ अंसारी को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय, पुलिस अधिकारियों ने उसे थाने लाकर हाजत में बंद कर दिया। इसे पुलिस की छवि धूमिल करने वाला और अन्यायपूर्ण कृत्य माना गया है। साथ वीडियो में एएसआई संजय कुमार मंडल थाना कार्यालय में बिना निर्धारित वर्दी (अनुचित परिधान) के देखे गए,जो अनुशासनहीनता को दर्शाता है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पुष्पराज कुमार पर यह आरोप है कि उन्होंने घायल को अस्पताल भेजने में तत्परता नहीं दिखाई और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर उनका कोई नियंत्रण नहीं था।
क्या है मामला
बता दें वायरल वीडियो में एक महिला आरोप लगा रही है कि थाना परिसर के अंदर व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी गई है।सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि थाना के अंदर स्थित लॉकअप रूम की तस्वीरें और वीडियो बाहर कैसे आए? नियमानुसार थाना परिसर के संवेदनशील हिस्सों की फोटोग्राफी प्रतिबंधित होती है, ऐसे में यह सुरक्षा और गोपनीयता में बड़ी चूक मानी जा रही है।

इधर इस पूरे मामले को लेकर बोकारो पुलिस के द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया था।जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक मई को नंदुआ स्थान स्थित जिम के पास हुई मारपीट को लेकर दो मई को हर्ष पांडेय द्वारा दिए गए आवेदन को लेकर चीरा चास कांड 37/26 दर्ज कर कांड के अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी की जा रही थी।इसी क्रम में चार मई को हर्ष पांडेय द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आरिफ अंसारी के साथ मारपीट किया गया था, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो भेजा गया था.आरिफ अंसारी के आवेदन पर चीरा चास कांड संख्या 38/26 दर्ज कराया गया है।अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इसी से संबंधित एक गलत वीडियो बनाकर थाना में मारपीट का आरोप लगाकर वीडियो वायरल किया जा रहा है जो बिल्कुल तथ्यहीन है।

