कोडरमा में खूनी रंजिश: बांस काटने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव..

​कोडरमा। एक मामूली सा बांस… और उस पर उपजा चोरी का शक की आग में पड़ोसियों ने इंसानियत को तार-तार कर दिया। मामला कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित डोंगोडीह गांव का है, जहाँ टेंट के काम में इस्तेमाल होने वाले बांस को काटने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

​क्या है पूरा वाकया?

​घटना के वक्त ध्रुप साव बांस काट रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले डीजे संचालक सूरज साव और उसके पिता मोहन साव वहां पहुंच गए। दोनों ने ध्रुप पर बांस चोरी का सीधा आरोप मढ़ दिया और बिना सोचे-समझे उस पर टूट पड़े। आरोपियों ने ध्रुप की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। जैसे-तैसे गंभीर हालत में घर पहुंचे ध्रुप की तबीयत बिगड़ती चली गई। परिजनों के मुताबिक, उसने कई बार खून की उल्टियां कीं, जिससे घर में कोहराम मच गया।

​घबराए परिजनों ने आनन-फानन में ध्रुप को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत रिम्स राँची रेफर कर दिया। रिम्स में जिंदगी और मौत के बीच झूलते हुए आखिरकार कुछ ही घंटों में ध्रुप की सांसें थम गईं।

“युवक की पिटाई से मौत की सूचना मिली है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।”— सुमन कुमार (थाना प्रभारी, नवलशाही)

 

​घटना के बाद से ही आरोपी डीजे संचालक सूरज साव, उसके पिता मोहन साव और उनका पूरा परिवार घर में ताला बंद कर फरार है। रिम्स से मौत की खबर मिलते ही देर रात नवलशाही थाना पुलिस मृतक के घर पहुंची और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

error: Content is protected !!