धनबाद में फिल्मी स्टाइल में भागी स्कॉर्पियो, पुलिस से बचने के लिए सीधे रेलवे ट्रैक पर कूदी; उड़ा रेल चालकों का होश

धनबाद।सोमवार की देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच धनबाद के सोनारडीह में एक ऐसा खौफनाक और फिल्मी ड्रामा देखने को मिला, जिसने पुलिस प्रशासन और रेलवे महकमे के होश उड़ा दिए। मधुबन पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए एक लाल रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH10AA/2654) का चालक पुलिस को चकमा देकर हवा की रफ्तार से भागने लगा।
बताया जा रहा है कि बोकारो की तरफ से आ रही इस संदिग्ध गाड़ी को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रुकने के बजाय एक्सीलेटर पर पैर दबा दिया। शक गहराते ही मधुबन पुलिस ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। भागती हुई स्कॉर्पियो जैसे ही सोनारडीह रेलवे फाटक के पास पहुंची, तो वहां का फाटक पहले से बंद मिला। आगे पुलिस और पीछे रेलवे बैरियर देख घबराए चालक ने गाड़ी को सीधे सोनारडीह रेलवे हॉल्ट के अंदर मोड़ दिया।
रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो सीधे जाकर रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच गिर गई और बुरी तरह फंस गई। इस जोरदार भिड़ंत में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही गाड़ी में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
धमाके जैसी आवाज सुनते ही मौके पर तैनात ट्रैकमैन हरकत में आया और उसने तुरंत गेटमैन को इसकी खबर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गेटमैन ने बिना एक सेकेंड गंवाए उस ट्रैक का सिग्नल लाल कर दिया।खौफनाक बात यह थी कि उसी वक्त कतरास की तरफ से एक ट्रेन उसी ट्रैक पर आ रही थी। अगर गेटमैन ने वक्त रहते लाल सिग्नल न दिया होता, तो एक बहुत बड़ा रेल हादसा होना तय था।
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों और रेल पुलिस को सूचना दी गई। ट्रैक पर फंसी क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जेसीबी की मदद से बेहद मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस पूरे ड्रामे और राहत कार्य के कारण उस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही लगभग 2 घंटे तक पूरी तरह ठप रही।
रेल पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर उसमें सवार फरार लोगों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

