बेड़ो हत्याकांड: हवाई फायरिंग का विरोध करने पर रविन्द्र को मारी थी पीठ में गोली, मुख्य आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

राँची।जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा के पास हुए बहुचर्चित रविन्द्र मुण्डा हत्याकांड का राँची पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सफल उद्भेदन कर दिया है। ग्रामीण एसपी गौरव गौस्वामी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य नामजद अभियुक्त विकास मुण्डा उर्फ लेटी मुण्डा (26 वर्ष, निवासी सुवार टोली, बेड़ो) को पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक अवैध देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।
ग्रामीण एसपी गौरव गौस्वामी के अनुसार, घटना की रात (8 जुलाई 2026) को आरोपी विकास मुण्डा अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी कर रहा था। उसी पार्टी में रविन्द्र मुण्डा (उम्र 26 वर्ष, निवासी घाघरा बरटोली) भी मौजूद था। पार्टी के दौरान विकास मुण्डा के पास एक अवैध देशी पिस्टल थी, जिससे वह हवा में गोली चलाकर इलाके में दहशत फैलाना चाहता था।वहां मौजूद रविन्द्र मुण्डा ने इसका कड़ा विरोध किया और विकास को ऐसा करने से मना किया। रविन्द्र का कहना था कि गांव में इस तरह की हरकत करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित होकर विकास मुण्डा ने रविन्द्र मुण्डा की पीठ पर गोली मार दी। गोली पीठ से होते हुए शरीर के आर-पार निकल गई, जिससे रविन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।
इस जघन्य हत्याकांड को लेकर बेड़ो थाना में कांड संख्या-76/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राँची के निर्देश और ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपियों विकास महतो और विजय मुंडा को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। मुख्य आरोपी विकास मुण्डा की गिरफ्तारी के बाद अब वारदात का पूरी तरह खुलासा हो चुका है।
आरोपी विकास मुण्डा का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य अभियुक्त विकास मुण्डा एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले बेड़ो थाने में दर्ज हैं:
कांड संख्या 48/2017: अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म सहित पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गंभीर मामला दर्ज है।
कांड संख्या 122/2023: हत्या (धारा 302/34 भा०द०वि०) का मामला दर्ज है।
सफल छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार कर रहे थे। टीम में बेड़ो पुलिस इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी कफील अहमद, सब-इंस्पेक्टर उत्तम कुमार पासवान, सब-इंस्पेक्टर अनिल टोप्पो, सब-इंस्पेक्टर शौकत अली और बेड़ो थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

