विक्रम शर्मा हत्याकांड: उत्तराखंड पुलिस ने झारखण्ड के पांच फरार अपराधियों पर रखा 10 लाख का इनाम

 

जमशेदपुर/देहरादून।देहरादून में इस साल फरवरी में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में उत्तराखंड पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इस तरह पांचों पर कुल 10 लाख रुपये का इनाम रखा गया है। सभी आरोपी झारखण्ड के रहने वाले हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

13 फरवरी 2026 को हुई थी हत्या

13 फरवरी 2026 को देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी अपार्टमेंट में झारखण्ड के जमशेदपुर निवासी और कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद डालनवाला थाने में हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस एक लाख रुपये के इनामी समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद वे फरार हो गए।

इन पांच आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम

फरार आरोपियों में आकाश कुमार प्रसाद (बजरंग टेकरी, बागबेड़ा, जमशेदपुर), जितेंद्र कुमार साहू (उलिडीह टैंक रोड, मानगो, पूर्वी सिंहभूम), अंकित कुमार वर्मा (टंगरा टोली, लोहरदगा), आशुतोष कुमार सिंह (आरपी पटेल स्कूल रोड, जमशेदपुर) और विशाल सिंह (गाराबासा, बागबेड़ा, जमशेदपुर) शामिल हैं। पांचों पर अब दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

50 से अधिक आपराधिक मामलों का आरोपी था विक्रम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विक्रम शर्मा झारखण्ड के जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी था। उसके खिलाफ झारखण्ड समेत विभिन्न राज्यों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें करीब 30 मामले हत्या से जुड़े बताए जाते हैं। इसके अलावा रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों में भी उसका नाम सामने आया था।

विक्रम शर्मा कई मामलों में जमानत पर बाहर था और देहरादून के डालनवाला इलाके में एक किराये के फ्लैट में रह रहा था।वहीं कारोबार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे अपराधी गिरोहों की आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका है। इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

गिरफ्तारी के लिए तेज हुई कार्रवाई

इनाम घोषित होने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने झारखण्ड सहित कई राज्यों में फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें कानून के शिकंजे में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!