धनबाद में दिल दहला देने वाला हादसा: मालकिन को बचाने दौड़ी नौकरानी, करंट की चपेट में आने से दोनों की दर्दनाक मौत

धनबाद। इंसानियत और वफादारी की एक बेहद दर्दनाक तस्वीर पुटकी थाना क्षेत्र के बीसीसीएल ए-टाइप कॉलोनी से सामने आई है। बुधवार की रात यहाँ एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरी कॉलोनी को सन्नाटे और मातम में डुबो दिया। एक घर के बाथरूम में करंट फैलने से मालकिन की मौत हो गई, और उन्हें बचाने की कोशिश में वफादार नौकरानी ने भी अपनी जान गंवा दी। मृतकों की पहचान घर की मालकिन शोभा सिन्हा और उनकी नौकरानी शांति देवी के रूप में हुई है।

​इस हादसे की भनक पड़ोसियों को तब तक नहीं थी, जब तक कि पुणे से एक बेबस बेटी की कॉल नहीं आई। शोभा सिन्हा की बेटी पुणे में रहती है। बुधवार की रात करीब आठ बजे उसने अपनी मां को लगातार कई फोन किए। जब बार-बार घंटी बजने पर भी दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई, तो बेटी घबरा गई। उसने तुरंत पड़ोसियों को फोन किया और घर जाकर देखने की गुहार लगाई।

​जब पड़ोसी शोभा सिन्हा के घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में पड़ोसियों ने किसी तरह दीवार और बाहरी दरवाजा फांदा और घर के भीतर दाखिल हुए। लेकिन अंदर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। बाथरूम में शोभा सिन्हा बेसुध पड़ी थीं और उनके ऊपर नौकरानी शांति देवी का शव पड़ा हुआ था।

​आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में किसी तकनीकी खराबी या बिजली उपकरण की वजह से अचानक करंट दौड़ गया होगा। इसकी चपेट में सबसे पहले शोभा सिन्हा आईं। उन्हें तड़पता देख घर में मौजूद नौकरानी शांति देवी बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने दौड़ीं। लेकिन बिजली के जानलेवा झटके ने शांति देवी को भी संभलने का मौका नहीं दिया और दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

​घटना की खबर पाकर धनबाद के बिग बाजार इलाके से मृतका की भतीजी नेहा सिन्हा बदहवास हालत में पुटकी पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए बताया कि उनकी चाची शोभा सिन्हा पिछले दो महीनों से पुणे में अपनी बड़ी बेटी के पास रह रही थीं। बुधवार की सुबह ही वह वापस पुटकी लौटी थीं। किसे पता था कि चंद घंटों बाद ही मौत उन्हें इस तरह अपने आगोश में ले लेगी।

​शोभा सिन्हा के पति नवीन सिन्हा उर्फ टुन्नू की मौत पहले ही कोरोना काल में हो चुकी थी। उनके पीछे अब उनकी तीन बेटियां बची हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

​वहीं दूसरी ओर, अपनी मालकिन को बचाने में जान गंवाने वाली शांति देवी पुटकी के इंदिरा आवास कॉलोनी की रहने वाली थीं। वह अपने पीछे पति महेंद्र कालिंदी समेत चार बेटों और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। इस घटना ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।

​स्थानीय लोगों की सूचना पर पुटकी थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरी ए-टाइप कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

error: Content is protected !!