मीडिया से राँची पुलिस की अपील, जांच से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं न करें साझा

 

राँची।राँची पुलिस ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया संस्थानों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक मामले की जांच पूरी होने तक उससे जुड़ी संवेदनशील और अप्रमाणित जानकारियों के प्रसारण से बचें। पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचनाएं सार्वजनिक होने से जांच प्रभावित हो सकती है और अपराधियों को इसका फायदा मिल सकता है।

राँची पुलिस ने जारी बयान में कहा कि समाज को जागरूक करने और सच्चाई सामने लाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मीडिया हमेशा पुलिस का अहम सहयोगी रहा है।पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में कुछ मीडिया चैनलों और समाचार पत्रों द्वारा चल रही पुलिस जांच से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इनमें पुलिस की संभावित कार्रवाई, संदिग्धों के नाम, छापेमारी के संभावित स्थान और जुटाए गए साक्ष्यों से संबंधित सूचनाएं शामिल हैं।

राँची पुलिस ने कहा कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक होने से जांच की दिशा और गुणवत्ता प्रभावित होती है। साथ ही, आरोपियों को सतर्क होने, फरार होने या सबूत मिटाने का अवसर मिल जाता है। इसके अलावा, गवाहों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

राँची पुलिस ने सभी मीडिया संस्थानों से अनुरोध किया है कि जांच पूरी होने तक ऐसी किसी भी संवेदनशील जानकारी का प्रसारण न करें, जिससे पुलिस की कार्रवाई बाधित हो। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से प्रमाणित जानकारी साझा की जाती रहेगी।

राँची पुलिस ने न्याय सुनिश्चित करने और अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के इस साझा प्रयास में मीडिया से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई है।

error: Content is protected !!