राँची: इंस्टाग्राम पर ब्लैकमेल, आगरा से युवती बरामद, बंगाल से आरोपी गिरफ्तार

 

राँची। सोशल मीडिया के जरिए एक युवती को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर युवती को परेशान करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही लापता युवती को उत्तर प्रदेश के आगरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियांशु डे उर्फ आदी उर्फ आदित्य के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के नारकेलडांगा इलाके का रहने वाला है।

राँची के खरसीदाग ओपी प्रभारी ने बताया कि ब्लैकमेलिंग से मानसिक रूप से परेशान 23 वर्षीय युवती बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद युवती के पिता ने खरसीदाग ओपी में उसकी गुमशुदगी और पूरे मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को उस मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने और ब्लैकमेलिंग के लिए किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान युवती को उत्तर प्रदेश के आगरा से सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!