गिरिडीह पुलिस ने 35 लाख से अधिक की अवैध शराब किया जब्त, चालक फरार

 

गिरिडीह। जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35.35 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब से लदा एक ट्रक जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार को गैड़ा के पास एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, डुमरी से बगोदर की ओर जा रहे ट्रक को नेशनल हाईवे पर रोकने की कोशिश की गई। पुलिस टीम को देखते ही चालक ट्रक सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 618 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में कई नामी ब्रांड शामिल हैं। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है।

एसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में विशेष टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक पुलिस के निशाने पर आया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर उसके मालिक और अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर अजय कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने कहा कि जिले में शराब माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

error: Content is protected !!