व्यापारी की एक चूक पड़ी भारी, बाइक की डिक्की से 50 लाख के गहने चोरी,चतरा पुलिस CCTV के सहारे तलाश में जुटी…

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के इटखोरी बाजार में रविवार रात एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई। बेखौफ उचक्कों ने कुछ ही पलों में बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखा लाखों रुपये के जेवरात से भरा बैग पार कर दिया। चोरी गए जेवरातों की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, करनी रोड स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी रोज की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर 400 ग्राम सोना और लगभग 10 किलो चांदी के जेवरात बैग में रखकर बाइक की डिक्की में लेकर घर के लिए निकले थे। रास्ते में कलाली रोड पर उन्होंने कुछ देर के लिए बाइक खड़ी की। इसी दौरान बदमाशों ने मौका देखकर डिक्की खोल ली और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए।घर पहुंचने पर जब दिलीप सोनी ने बाइक की डिक्की खोली तो बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने तत्काल इटखोरी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

घटना के बाद इटखोरी बाजार के व्यापारियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले भी बाजार और आसपास के इलाकों में महिलाओं से चेन स्नैचिंग और राहगीरों से चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बाइक की डिक्की से जेवरात चोरी होने की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

error: Content is protected !!