राँची पुलिस की मुस्तैदी से दो मासूम सुरक्षित परिजनों से मिले, परिवार ने कहा- धन्यवाद पुलिस

 

राँची।राँची पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण रविवार की शाम उस समय देखने को मिला, जब नगड़ी बाजार के समीप दो छोटे बच्चे बिना किसी अभिभावक के घूमते हुए मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों बच्चों को सुरक्षित नगड़ी थाना लाया गया, जहाँ थाना प्रभारी अभिषेक राय एवं पुलिसकर्मियों ने बच्चों को स्नेहपूर्वक अपने संरक्षण में रखा।

थाना प्रभारी ने बच्चों से प्यार और धैर्य के साथ बातचीत की। पूछताछ के दौरान बच्चों ने अपना नाम रितेश उरांव (11 वर्ष) एवं रूपेश उरांव (9 वर्ष) बताया, लेकिन उम्र कम होने के कारण वे अपने घर का स्पष्ट पता नहीं बता पा रहे थे।

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगड़ी थाना पुलिस ने तत्काल उनकी पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से सूचना प्रसारित की। पुलिस की इस पहल का जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आया और बच्चों के परिजनों का पता चल गया।

जांच में पता चला कि बच्चों के पिता रंजीत उरांव हैं। उनका स्थायी निवास नागफनी, जिला गुमला है, जबकि वर्तमान में वे मधुकम, थाना सुखदेवनगर क्षेत्र में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।परिजनों के थाना पहुँचने पर आवश्यक सत्यापन और पूछताछ की गई। बच्चों के माता-पिता ने बताया कि दोनों बच्चे रविवार की शाम खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद पूरा परिवार उन्हें लगातार खोज रहा था और उनकी चिंता में बेहद परेशान था।

सभी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद नगड़ी थाना पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चों के माता-पिता ने राँची पुलिस, विशेष रूप से नगड़ी थाना की टीम और थाना प्रभारी अभिषेक राय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार की बदौलत उनके बच्चे सुरक्षित उन्हें मिल सके।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि राँची पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राँची पुलिस का यह मानवीय और सराहनीय प्रयास समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करता है।

 

error: Content is protected !!