वॉक कर रहे बुजुर्ग दंपत्ति से हूटिंग, पकड़े जाने पर छात्र बोला—’मेरे पिता हाई कोर्ट के वकील हैं’

राँची।राजधानी राँची के स्मार्ट सिटी परिसर में रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब वॉक कर रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति के साथ चार स्कूली लड़कों ने कथित तौर पर हूटिंग और अभद्रता की। अचानक हुई इस हरकत से बुजुर्ग दंपत्ति घबरा गए और तत्काल वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो छात्रों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र एक प्रतिष्ठित स्कूल के हैं, जबकि उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। हिरासत में लिए गए छात्र पुलिस को फरार साथियों के बारे में जानकारी देने से इनकार कर रहे हैं। इनमें से एक छात्र मेकोन कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपी ने पुलिस के सामने अपने पिता के झारखण्ड हाई कोर्ट में आपराधिक मामलों के अधिवक्ता होने का हवाला देते हुए कथित तौर पर दबाव बनाने की कोशिश की और कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
फिलहाल पुलिस फरार दोनों छात्रों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।हालांकि इस सम्बन्ध में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिला है।

error: Content is protected !!