सोना चमकाने के बहाने लाखों की ठगी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार,पिघला हुआ सोना बरामद

गोड्डा। सोना-चांदी चमकाने के बहाने 76 वर्षीय महिला से ठगी करने वाले गिरोह का महागामा पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी का पिघला हुआ सोना, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, नकद राशि और सोना साफ करने में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए हैं। वहीं, फरार दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उर्जानगर निवासी कांता देवी (76) ने 7 जुलाई को महागामा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवक उनके घर पहुंचे और सोना-चांदी को नया जैसा चमकाने का दावा किया। झांसे में लेकर दोनों ने उनके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर महागामा थाना में कांड संख्या 129/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी कर राजेश कुमार साह (25) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर ठगी का पिघला हुआ सोना, सोना साफ करने वाले ब्रश, तीन बोतल क्लीनिंग लिक्विड, शाइनिंग पाउडर, गुलाबी रंग का पाउडर, घटना के समय पहने गए कपड़े, सोना बेचकर मिले ₹36 हजार नकद, सोने जैसा पदार्थ तथा घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (BR10AS3660) बरामद की गई।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वहीं, गिरोह के दूसरे सदस्य की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर-घर जाकर सोना या चांदी साफ करने का दावा करने वाले अजनबियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

