गिरिडीह में चेन स्नेचरों का आतंक:ढेड़ घंटे में तीन इलाकों में तीन वारदात, महिलाओं को बनाया निशाना

 

गिरिडीह। शहर में शनिवार की शाम चेन स्नेचरों ने ऐसा आतंक मचाया कि महज एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन महिलाओं को निशाना बना लिया। नगर, मुफस्सिल और पचम्बा थाना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं से पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह रही कि तीनों घटनाएं शहर के सटे हुए इलाकों में हुईं, जिससे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही महिला बनी पहली शिकार
पहली वारदात शाम करीब 5:30 बजे पचम्बा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर गली नंबर-2 में हुई। सोनी कुमारी अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकी।

रिश्तेदार से लौट रही महिला से डेढ़ लाख की चेन छीनी
करीब एक घंटे बाद शाम 6:30 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में दूसरी घटना हुई। संगीता देवी रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह मंगल मूर्ति लॉज के पास गली में पहुंचीं, हेलमेट पहने बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई। फुटेज में संदिग्ध बाइक और अपराधियों की झलक मिलने के बाद पुलिस उनकी पहचान में जुट गई है।

सब्जी लेकर लौट रही महिला भी बनी निशाना
तीसरी वारदात नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा में शाम करीब 7 बजे हुई। आशा देवी सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से 22 ग्राम की सोने की चेन झपट ली और मौके से भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही उनके पुत्र, जो विष्णुगढ़ (हजारीबाग) में अंचल निरीक्षक हैं, रात में गिरिडीह पहुंचे। आशा देवी ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

एक ही गिरोह पर पुलिस को शक
तीनों घटनाओं के बाद पुलिस ने संबंधित इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि पचम्बा थाना क्षेत्र की घटना में अपाची बाइक का इस्तेमाल हुआ, जबकि नगर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र की घटनाओं में एक ही तरह की बाइक और अपराधियों के हुलिये की समानता दिखी है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि नगर और मुफस्सिल की दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।

एसपी ने बनाई एसआईटी, खुद कर रहे मॉनिटरिंग
लगातार हुई तीन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम में सदर एसडीपीओ, दोनों डीएसपी, नगर, मुफस्सिल और पचम्बा थाना प्रभारियों समेत कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। एसपी स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
एसपी ने कहा कि चेन स्नेचिंग की घटनाओं की जांच तेज कर दी गई है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

error: Content is protected !!