दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश, महिला की सूझबूझ से भागे बदमाश

राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में चेन स्नैचरों का दुस्साहस सामने आया है। घर के बाहर एक महिला को निशाना बनाकर बाइक सवार दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। हालांकि महिला की सतर्कता और हिम्मत के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

घटना नामकुम थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नगर की है। पीड़िता के पति प्रदीप कुमार गिरि ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई की सुबह करीब 10:45 बजे उनकी पत्नी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान पैशन बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक महिला के गले से चेन झपटने का प्रयास किया।
महिला ने तुरंत शोर मचा दिया, जिससे घबराकर दोनों बदमाश बिना चेन छीने ही बाइक से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। शिकायतकर्ता ने घटना का फुटेज पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

