गुमला:पालकोट में पिस्टल की नोक पर करीब 30 लाख की ज्वेलरी लूट, फायरिंग कर फरार हुए बदमाश…

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के पालकोट में मंगलवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में एक ज्वेलरी व्यवसायी से करीब 25 से 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पालकोट मुख्य बाजार स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने घर पालकोट बस्ती जा रहे थे। जैसे ही वे भीमो कंसारी के घर के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया।

व्यवसायी ने जब विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पालकोट बस स्टैंड के रास्ते गुमला की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संभावित मार्गों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है।

गौरतलब है कि माही ज्वेलर्स पहले भी लूट की वारदात का शिकार हो चुका है। लगातार दूसरी बार एक ही प्रतिष्ठान को निशाना बनाए जाने से पालकोट की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

 

error: Content is protected !!