शादी की खुशियां मातम में बदलीं, एक ही बाइक पर लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत

बोकारो। शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। दर्दनाक हादसे में तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के पुरुलिया-धनबाद नेशनल हाईवे स्थित बेड़ानी मोड़ के पास हुई।
मृतकों की पहचान विस्थापित चौक निवासी सुमित गोराई तथा भंडरो निवासी आर्यन महतो और अमर महतो के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद सोमवार की देर रात एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम चास अनुमंडल अस्पताल में कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के एनएच-32 स्थित बेड़ानी मोड़ के पास सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे घटी। सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों शवों को अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। मंगलवार सुबह करीब छह बजे मृतकों की पहचान पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के भंड्रो गांव निवासी 18 वर्षीय आर्यन महतो (पिता हीरालाल महतो), संथालाडीह निवासी 19 वर्षीय अमर कुमार महतो (पिता अमृत महतो) तथा भवानीपुर साइड सांगजोड़ी निवासी 20 वर्षीय सुमित गोराई (पिता दुलाल महतो) के रूप में हुई।पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। तीनों युवक बोराडीह गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर फैलते ही विस्थापित चौक और भंडरो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पिंड्राजोड़ा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

