राँची मर्डर मिस्ट्री: कोलकाता के पान दुकानदार ने क्यों दबाया प्रेमिका का गला? पुलिस के सामने खुली खौफनाक ‘इंसाइड स्टोरी’

राँची।राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान रोड में हुए सनसनीखेज युवती हत्याकांड का राँची पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। मृतका रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित कत्ल था। पुलिस ने इस मामले में मृतका के प्रेमी राहुल कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी के बाद राहुल ने पुलिस के समक्ष जो कबूलनामा पेश किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। आइए जानते हैं इस हत्याकांड की पूरी इनसाइड स्टोरी।

प्यार, शादी और फिर पति का घर छूटना

​राहुल कुमार गुप्ता मूल रूप से बिहार के रोहतास का रहने वाला है, लेकिन वह कोलकाता के दमदम इलाके में रहकर पान की दुकान चलाता था। राहुल और पूजा की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम और फिर मोबाइल फोन के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे से शादी का वादा भी किया था।

​2024 में शादी: पूजा के घरवालों ने उसकी शादी जबरन राँची के बरियातू (बूटी मोड़) निवासी हरीश गुप्ता से करा दी।शादी के बाद भी राहुल चोरी-छिपे राँचीआकर पूजा से मिलता रहा। जब इसकी भनक पूजा के पति हरीश को लगी, तो पति-पत्नी में रोज झगड़े होने लगे। मार्च 2026 में हरीश ने पूजा को घर से निकाल दिया, जिसके बाद पूजा चुटिया के केतारी बगान रोड आरंभ बैंक्वेट हाल के सामने में एक मकान में अकेले किराए पर रहने लगी।

वीडियो कॉल पर दिखा ‘दूसरा मर्द’ और शुरू हुआ शक का खेल

​किराए के कमरे में आने के बाद पूजा ने राहुल से दूरी बनानी शुरू कर दी। वह राहुल के फोन नहीं उठाती थी और वीडियो कॉल भी कट कर देती थी। राहुल को शक हुआ कि पूजा की जिंदगी में कोई और आ गया है।

​वीडियो कॉल का वो राज: अप्रैल 2026 में एक दिन जब पूजा ने राहुल का वीडियो कॉल उठाया, तो राहुल ने उसके कमरे में एक दूसरे लड़के को देख लिया। राहुल को पता चला कि उस लड़के का नाम अमन कुमार है और पूजा उसके साथ लिव-इन में रह रही है। बगल की पड़ोसी महिला ने भी पुष्टि की कि दोनों एक महीने से साथ रह रहे हैं।

30 मई की दोपहर: 10 मिनट तक दबाया गला, कमरे में तड़पकर तोड़ा दम

​ईर्ष्या और गुस्से में पागल राहुल 28 मई 2026 को हावड़ा से ट्रेन पकड़कर सीधे राँची पहुंचा। वह दो दिन तक पूजा के ही कमरे में रुका। इस दौरान उसका शक यकीन में बदल गया।

30 मई, दोपहर 2:00 बजे: राहुल और पूजा के बीच अमन को लेकर तीखी बहस और हाथापाई शुरू हुई।राहुल ने गुस्से में आकर पूजा का सिर दीवार पर पटक दिया। जब पूजा ने चिल्लाकर कहा कि ‘हाँ मेरा अमन के साथ संबंध है, तुम क्या कर लोगे’, तो राहुल आपा खो बैठा।

10 मिनट का टॉर्चर: राहुल ने पूजा को पलंग पर पटका और दोनों हाथों से उसका गला तब तक दबाए रखा जब तक कि उसकी सांसें बंद नहीं हो गईं और नाक-मुंह से झाग नहीं निकल आया।कत्ल के बाद राहुल पूरी तरह घबरा गया। वह पूजा का स्क्रीन टच मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया और कोलकाता भाग निकला। 31 मई को पुलिस को बिस्तर पर पूजा का शव संदिग्ध हालत में मिला था।

पुलिसिया तफ्तीश और ऐसे दबोचा गया कातिल

​शुरुआत में चुटिया थाने में यू०डी० (संदिग्ध मौत) कांड दर्ज किया गया था। लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो खुलासा हुआ कि पूजा की मौत दम घुटने और गहरी चोट के कारण हुई है।इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसमें चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर, पु०अ०नि० भवेश कुमार, मुकेश कुमार कुशवाहा और जितेन्द्र मिश्रा शामिल थे।वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों (लोकेशन और कॉल डिटेल्स) और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता को धर दबोचा। पुलिस ने मृतका का लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया है और आरोपी को जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

error: Content is protected !!