ट्रैफिक जाम बना अपराधियों का हथियार, बैंक से निकाले 3.50 लाख रुपये मिनटों में गायब

बोकारो। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की से 3.50 लाख रुपये उड़ा लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को वारदात की भनक तक नहीं लगी और चोर ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, चास के स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के समीप रहने वाले दिनेश चंद्र झा ने चास गुरुद्वारा के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 3.50 लाख रुपये निकाले थे। उन्होंने नकदी से भरा बैग अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा और चंदनकियारी रोड की ओर उस व्यक्ति को पैसे लौटाने जा रहे थे, जिससे उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए रकम उधार ली थी।
इसी दौरान जोधाडीह मोड़ पर ट्रैफिक जाम में उनकी बाइक रुक गई। मौका देखकर बदमाशों ने डिक्की खोलकर नकदी से भरा बैग निकाल लिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। कुछ देर बाद आसपास मौजूद लोगों ने दिनेश चंद्र झा को बताया कि उनकी बाइक की डिक्की से कुछ लोग सामान निकालकर भागे हैं। जब उन्होंने डिक्की की जांच की तो नकदी गायब थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

