अविवाहित नाबालिग बेटी के माँ बनने पर आगबबूला हुआ पिता, उठाया ये खौफनाक कदम, पुलिस ने किया गिरफ्तार
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है।एक बाप ने अपनी ही अविवाहित बेटी और उसके नवजात की निर्मम हत्या कर दोनों के शवों को दफना दिया।जानकारी मिलने पर सोमवार को पुलिस ने दोनों शवों को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।साथ ही पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 3 अक्टूबर 2025 को ही आरोपी पिता ने अपनी अविवाहित नाबालिग बेटी और उसके एक दिन के नवजात की हत्या कर शवों को नदी के किनारे दफना दिया था।इससे पहले आरोपी पिता ने अपनी बेटी के प्रेमी पर नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर विवाह करने का वादा कर शारीरिक शोषण करने के आरोप में जेल भेजवा दिया था। जो एक सप्ताह पूर्व ही जेल से छूटकर बाहर आया था।
2 अक्टूबर को नाबालिग ने बालक को दिया था जन्म
इधर, नाबालिग अविवाहित लड़की ने 2 अक्टूबर को एक बालक को जन्म दिया।इसकी जानकारी उसके प्रेमी को हो गई थी।उसे यह भी गुप्त जानकारी मिली थी कि उसके नवजात की हत्या करने की साजिश रची जा रही है।इसकी जानकारी मिलते ही प्रेमी ने मेराल थाना को इस संबंध में लिखित आवेदन दिया था।सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विष्णुकांत ने सोमवार को दल-बल के साथ गांव पहुंचकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया गुनाह
आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर नदी किनारे दफनाए गए दोनों शवों को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जमीन की खुदाई कर निकलवाया गया।इधर, घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।सभी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाले गए दोनों शव
इस संबंध में थाना प्रभारी विष्णुकांत ने कहा कि सूचना मिली थी कि एक शख्स ने अपनी नाबालिग लड़की और उसके एक दिन के बच्चे की हत्या कर शव को नदी किनारे दफना दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दोनों शव को कब्र से निकाला गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

