प्रेमिका के बुलावे पर हैदराबाद से घर लौटा था अमरजीत, कमरे में चली गोली और चली गई जान; प्रेमिका-पिता समेत 3 पर FIR

पलामू। नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में युवक अमरजीत चौहान की गोली लगने से हुई मौत का मामला अब और उलझ गया है। संदिग्ध गोलीकांड में मृतक की मां संतरा देवी के फर्द बयान पर अमरजीत की प्रेमिका, उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
बताया गया कि अमरजीत चौहान 4 अक्टूबर को ही हैदराबाद से काम कर वापस अपने गांव लौटा था। मृतक की मां के अनुसार, अमरजीत का एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि प्रेमिका के कहने पर ही वह हैदराबाद से घर लौटा था।मंगलवार को अमरजीत घर के कमरे में था। उसकी मां संतरा देवी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह बेटे के कमरे की ओर दौड़ीं। इसी बीच उन्होंने एक व्यक्ति को घर से तेजी से बाहर निकलते देखा।

कमरे में पहुंचने पर अमरजीत घायल हालत में पड़ा था और मां-मां चिल्ला रहा था। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अमरजीत को तत्काल मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद से ही गोली चलने की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे। अब मां के फर्द बयान पर दर्ज एफआईआर में प्रेमिका, उसके पिता समेत तीन लोगों को आरोपी बनाए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने बताया कि मां के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!