गिरिडीह में पॉलिटेक्निक छात्र की मौत, किराये के कमरे में मिला शव..दुमका का रहने वाला था सौरव
गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब किराये के मकान में रहने वाले पॉलिटेक्निक छात्र सौरव राज की मौत की खबर सामने आई। मृतक की पहचान दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगबाटा निवासी विनय कुमार दास के 22 वर्षीय पुत्र सौरव राज के रूप में हुई है। वह सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT), गिरिडीह में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था।
बताया गया कि सौरव शीतलपुर निवासी लाला शर्मा के मकान में किराये पर रहता था। मंगलवार रात उसने अपने कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बाद में मकान में रहने वाले अन्य लोगों की नजर कमरे की ओर गई तो घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में सौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
दो साल के इंटीग्रेटेड कोर्स के अंतिम वर्ष में था सौरव
घटना की सूचना मिलने के बाद सौरव के पिता गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पॉलिटेक्निक का छात्र था और दो वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स कर रहा था। फिलहाल वह कोर्स के अंतिम वर्ष में था। पिता के अनुसार सौरव पढ़ाई पर ही ध्यान देता था और परिवार को किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, यह उनके लिए भी समझ से परे है।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

