गोड्डा में बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, चार अपराधियों की बाजार में परेड; घटनास्थल पर ले जाकर कराया सीन री-क्रिएट

गोड्डा। गोड्डा के बहुचर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार चार मुख्य अपराधियों को गोड्डा सदर बाजार में परेड कराई और इसके बाद उन्हें वारदात वाले स्थान पर ले जाकर लूट की पूरी घटना का सीन री-क्रिएट कराया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात के दौरान उनकी भूमिका, आने-जाने के रास्ते और घटना को अंजाम देने के तरीके की जानकारी ली।पुलिस चारों अपराधी को रिमांड पर लिया है।जिससे वारदात को अंजाम कैसे दिया और वारदात में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।

मामला गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के पास स्थित बंगाल ज्वेलर्स का है। बीते 8 जुलाई की शाम टीवीएस कंपनी की अपाची बाइक से पहुंचे तीन हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गये थे। घटना के बाद दुकान संचालक बासुदेव राय के आवेदन पर गोड्डा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

72 घंटे में पुलिस ने खोला लूटकांड का राज

ज्वेलरी दुकान में हुई इस सनसनीखेज लूट के बाद पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लिया था। एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने करीब 72 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा करते हुए राजेश यादव और अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, राजेश यादव के घर की तलाशी के दौरान 39.93 ग्राम सोना, 41,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गयी पिस्टल बरामद की गयी थी।

दुमका पुलिस की मदद से पकड़ा गया तीसरा आरोपी

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को इस वारदात में इस्तेमाल बाइक के संबंध में भी अहम सुराग मिले। इसके बाद दुमका पुलिस के सहयोग से दानवीर पासवान को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटकांड में इस्तेमाल की गयी नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गयी।पुलिस की जांच यहीं नहीं रुकी। पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश शुरू की कि आखिर अपराधियों को ज्वेलरी दुकान की रेकी और अंदर रखे माल की जानकारी किसने दी थी।

स्वर्ण व्यवसायी पर भी पहुंची पुलिस की जांच

जांच के दौरान पुलिस को लूट के सोने की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का भी पता चला। पुलिस ने रेकी करने, अपराधियों को सूचना देने तथा लूटे गये सोने की खरीद-बिक्री में सहयोग करने के आरोप में कथित मास्टरमाइंड स्वर्ण व्यवसायी चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पूरण साह को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, लूट के सोने को खपाने में मदद करने वाले नेटवर्क की जांच के दौरान गोड्डा और बांका जिले के कई स्वर्ण व्यवसायियों पर भी कार्रवाई की गयी।

बांका में फरार आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पाकुड़ और गोड्डा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बांका में फरार चल रहे प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि लूट के बाद सोने को किन लोगों तक पहुंचाया गया और पूरे नेटवर्क में किस-किस की भूमिका थी।

कई जिलों में लूट की वारदातों से जुड़े होने का दावा

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क केवल गोड्डा तक सीमित नहीं था। जांच में सामने आया है कि गिरोह से जुड़े आरोपी गोड्डा, बांका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और पाकुड़ जिलों में ज्वेलरी दुकानों और सीएसपी केंद्रों को निशाना बनाने वाली वारदातों में शामिल रहे हैं।यानी बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे इस गिरोह के अंतरजिला आपराधिक नेटवर्क की परतें भी खुलती चली गयीं।

एक आरोपी का शव भी मिला था

इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी का शव देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र से बरामद किया गया था। पुलिस अब इस कड़ी को भी पूरे लूट नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।

बुधवार को चार मुख्य आरोपियों की सदर बाजार में परेड और घटनास्थल पर सीन री-क्रिएशन को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य आरोपियों से वारदात की पूरी प्रक्रिया को मौके पर समझना और यह सत्यापित करना है कि किस आरोपी ने किस भूमिका में घटना को अंजाम दिया था।

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच ने अब एक दुकान में हुई लूट से आगे बढ़कर अंतरजिला अपराध गिरोह और लूट के सोने की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का रूप ले लिया है। पुलिस की कार्रवाई से इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है।

error: Content is protected !!