पलामू: पैसे के लेन-देन के आरोप में तरहसी थाना प्रभारी सस्पेंड, एसपी की बड़ी कार्रवाई

पलामू।जिले के तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को पैसे के कथित लेन-देन के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। निलंबन के बाद आनंद राम को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2018 बैच के सब-इंस्पेक्टर आनंद राम करीब एक वर्ष से तरहसी थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले वे पाटन सहित जिले के कई थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब तरहसी के एक कारोबारी ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मई महीने में पुलिस द्वारा जब्त की गई कुछ गाड़ियों को छोड़ने के बदले पैसे की मांग की गई और कारोबारी पर अनावश्यक दबाव बनाया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेन-देन से जुड़े आरोप सामने आने पर थाना प्रभारी आनंद राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि तरहसी थाना क्षेत्र लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल के अंतर्गत आता है और इसकी सीमाएं मनातू, पिपराटांड़, पाटन, पांकी तथा लेस्लीगंज थाना क्षेत्रों से जुड़ी हैं। यह इलाका अतीत में अफीम की अवैध खेती और नक्सली गतिविधियों के कारण भी चर्चा में रहा है।

