हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में, फरार अपराधियों की तलाश में कई राज्यों में SIT की छापेमारी

 

जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शहर के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब के पदभार संभालते ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई शुरू कर दी। विशेष अनुसंधान दल ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार छापेमारी के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें झारखण्ड से बाहर तक दबिश दे रही हैं।

एसएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनु राम सरदार उर्फ सोनु मंडल (27 वर्ष), निवासी धतकीडीह (गम्हरिया, सरायकेला-खरसावां) और राज लोहार, निवासी गाडीडोंगरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की इस हत्याकांड में सक्रिय भूमिका सामने आई है।

एसआईटी की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ा और फिर कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राज लोहार को वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी छोटी कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मुख्य हथियार भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए जब्त किया गया है।

वारदात के दौरान घायल हुए दूसरे आरोपी सोनु राम सरदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले टाटा मेन हॉस्पिटल और बाद में एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि इस मामले में शामिल तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें एक को 30 जून को तथा दो अन्य को 2 जुलाई को पकड़ा गया। सभी से पूछताछ जारी है और उनके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार हो रही गिरफ्तारी से घबराकर इस हत्याकांड में शामिल अन्य रसूखदार आरोपी झारखण्ड छोड़कर दूसरे राज्यों में फरार हो गए हैं। एसएसपी ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को भरोसा है कि सभी फरार आरोपी जल्द कानून के शिकंजे में होंगे।

एसएसपी ने बताया कि यह मामला केवल हत्या तक सीमित नहीं है। घटना के दौरान पुलिस टीम पर भी हमला किया गया था, जिसे गंभीरता से लिया गया है। इस पूरे मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाब रब्बानी, सब-इंस्पेक्टर श्याम सुंदर कुमार, आकाश कुमार पांडेय और पल्लवी कुमारी समेत एसआईटी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।फिलहाल पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!