राँची के सोनाहातू में वॉच टावर निर्माण का निरीक्षण कर रहे थे वनकर्मी, वज्रपात में फॉरेस्ट गार्ड की मौत, चालक समेत दो घायल

राँची।हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रविवार दोपहर अचानक आसमानी आफत टूट पड़ी। सोनाहातू थाना क्षेत्र के काला महादेव के समीप तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आने से खूंटी वन प्रमंडल के बुंडू वन प्रक्षेत्र में पदस्थापित फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और एक अन्य वनकर्मी घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम निर्माणाधीन वॉच टावर का निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से रोशन श्रीवास्तव मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और वनकर्मियों की मदद से तीनों को तत्काल सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोशन श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ बेहतर इलाज के लिए राँची स्थित देवनिका अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने दोबारा जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
खूंटी के डीएफओ दिलीप कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की टीम काला महादेव के पास बन रहे वॉच टावर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने गई थी। इसी दौरान हुए वज्रपात में फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और एक अन्य वनकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। विभागीय स्तर पर आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।

