राँची में रैपिडो चालक को चाकू मारकर बाइक लूटने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा

राँची।राजधानी राँची की कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रैपिडो चालक से लूटपाट करने वाले दो शातिर और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर इस लूट कांड का उद्भेदन कर दिया और लूटी गई यामाहा R15 मोटरसाइकिल तथा घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 जून 2026 की देर रात (तड़के लगभग 01:00 बजे) कोतवाली थाना क्षेत्र के बडालाल स्ट्रीट के पास हुई। वहां दो अज्ञात अपराधियों ने एक रैपिडो चालक प्रताप कुमार उर्फ मुकेश (उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी- लोअर वर्धमान कम्पाउंड, लालपुर) को रोककर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अपराधी चालक को गंभीर रूप से जख्मी करने के बाद उसकी R15 मोटरसाइकिल (नंबर- JH01CV-3728) लूटकर फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए रिम्स (RIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दिए गए उसके बयान के आधार पर कोतवाली थाने में कांड संख्या 147/2026 दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए छापेमारी कर घटना में शामिल दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पवन कुमार मिश्रा (उम्र 20 वर्ष, निवासी- किशोरगंज हनुमान मंदिर, सुखदेवनगर) और केशव सिंह (उम्र 23 वर्ष, निवासी- कैलाश नगर, इरगू टोली, सुखदेवनगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन दोनों की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल स्टील का फोल्डिंग चाकू, एक वनप्लस कंपनी का स्मार्टफोन और एक जियो भारत का कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पकड़े गए दोनों अपराधियों का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त पवन कुमार मिश्रा के खिलाफ राँची के कोतवाली, लालपुर, चुटिया, बरियातू और गोंदा थानों में चोरी, छिनतई और अन्य धाराओं के तहत पहले से 6 मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त केशव सिंह के खिलाफ भी सुखदेवनगर, रातु और कोतवाली थानों में रंगदारी, पोक्सो (POCSO) एक्ट, लूट और मारपीट के 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सफल और त्वरित कार्रवाई को कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में पु०अ०नि० प्रदीप कुमार राय, पु०अ०नि० मीनकेतन कुमार, पु०अ०नि० चन्द्रमोहन बारला, स०अ०नि० विकास कुमार सिंह और कोतवाली थाना के रिजर्व गार्ड के जवानों ने मिलकर अंजाम दिया है।

