रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी का बड़ा एक्शन: बिल्डर शुभम साबू गिरफ्तार, 100 करोड़ की सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप

राँची। रिम्स की बहुचर्चित जमीन अतिक्रमण और फर्जीवाड़ा मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर शुभम साबू को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि शुभम साबू लकी कंस्ट्रक्शन का संचालक है। एसीबी की टीम ने रविवार सुबह नेशनल गली स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और मुख्यालय ले जाकर गहन पूछताछ शुरू कर दी।

जांच के अनुसार, मामला रिम्स की करीब 9.65 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और जालसाजी से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन पर संगठित तरीके से कब्जा किए जाने का आरोप है। इस जमीन की मौजूदा बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

एसीबी की जांच में यह भी सामने आया है कि सरकारी जमीन पर कथित तौर पर अवैध रूप से एक आलीशान अपार्टमेंट का निर्माण कराया गया, जिसमें करीब 14 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। अब जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए आरोपियों ने कितनी अवैध कमाई की और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।

इस मामले का एक अन्य प्रमुख आरोपी प्रमोद महतो फिलहाल फरार है। आरोप है कि उसने रिम्स की जमीन का पावर ऑफ अटॉर्नी हासिल कर पूरे खेल को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। एसीबी उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रमोद महतो ने एसीबी की विशेष अदालत में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की है।

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद रिम्स जमीन घोटाले में शामिल अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसी जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे कर सकती है।

error: Content is protected !!