जमशेदपुर में मिडनाईट ‘पब-वॉर’: डबल डाउन क्लब में लड़कियों से छेड़खानी के बाद खूनी संघर्ष, डिस्को फ्लोर से लेकर अस्पताल तक चले चाकू और लात-घूंसे…

जमशेदपुर।स्टील सिटी का पॉश इलाका बिष्टुपुर शनिवार की आधी रात को चर्चित ‘डबल डाउन क्लब’ में एक डांस पार्टी अचानक मारपीट और चाकूबाजी में तब्दील हो गई। डिस्को लाइट और तेज म्यूजिक के बीच लड़कियों से सरेआम हुई बदतमीजी ने ऐसा तूल पकड़ा कि क्लब के अंदर और बाहर जमकर खून बहा। इस खूनी झड़प में चाकूबाजी के शिकार दो युवक लहूलुहान होकर अस्पताल पहुंचे, तो वहां भी दोनों गुट आपस में भिड़ गए।
डांस फ्लोर पर छिड़ा हुड़दंग, युवतियों पर कसी फब्तियां
बताया जा रहा है कि रात के करीब 12 बज रहे थे। क्लब के अंदर युवकों और युवतियों का एक ग्रुप वीकेंड पार्टी का लुत्फ उठा रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत दूसरे गुट के कुछ रईसजादों ने डांस फ्लोर पर थिरक रही युवतियों पर गंदी और अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब लड़कियों के साथ मौजूद दोस्तों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो बात गाली-गलौज से शुरू होकर सीधे कॉलर पकड़ने और लात-घूंसों तक पहुंच गई।
बाउंसरों ने बाहर खदेड़ा, तो सड़क पर मच गया ‘तांडव’
पब के भीतर बढ़ता बवाल देख वहां तैनात बाउंसरों ने बीच-बचाव किया और दोनों गुटों को धक्के मारकर क्लब से बाहर का रास्ता दिखा दिया। लेकिन बाउंसरों को क्या पता था कि असली ‘पिक्चर’ तो बाहर बाकी है! सड़क पर आते ही दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए। इस बीच एक गुट ने फोन घुमाकर अपने और गुंडों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद बिष्टुपुर की मेन रोड एक जंग के मैदान में तब्दील हो गई।
सरेराह चमकी चाकू, खून से लथपथ हुए हिमांशु और प्रत्युष
सड़क पर चल रही दो गुटों में मारपीट के बीच अचानक एक युवक ने अपनी जेब से चमचमाता हुआ चाकू निकाला और दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस खूनी हमले में आदित्यपुर के रहने वाले हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू लगते ही सड़क पर खून का फव्वारा छूट पड़ा, जिसे देख मौके पर मौजूद भीड़ में भगदड़ मच गई।
टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) के इमरजेंसी वार्ड में भी भिड़े
दोनों घायलों को आनन-फानन में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया। लेकिन हमलावरों का दुस्साहस तो देखिए, दोनों गुटों के समर्थक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच गए और वहां डॉक्टरों और मरीजों के सामने ही एक बार फिर आपस में भिड़ गए। अस्पताल के भीतर इस हाई-वोल्टेज ड्रामे से तीमारदारों और मेडिकल स्टाफ के होश उड़ गए।
थाना प्रभारी आलोक दुबे बताया कि छेड़खानी के विरोध में दो गुटों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की यह बड़ी वारदात हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। क्लब और उसके आसपास के सारे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी रईसजादे को बख्शा नहीं जाएगा।

