मुख्यमंत्री ने खुद संभाली स्टीयरिंग, जोन्हा फॉल की वादियों में बिताए सुकून के पल…

 

राँची।झारखण्ड के मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने सहज और सरल व्यक्तित्व की एक अलग मिसाल पेश करते हुए स्वयं वाहन चलाकर राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल का दौरा किया। व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कुछ समय प्रकृति की गोद में बिताया और झारखण्ड की प्राकृतिक धरोहर को करीब से निहारा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल एक सामान्य भ्रमण नहीं था, बल्कि राज्य के पर्यटन स्थलों के प्रति सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का भी संदेश माना जा रहा है। रास्ते में उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और जोन्हा फॉल पहुंचकर वहां के मनमोहक वातावरण का अवलोकन किया। झरने की कल-कल करती धारा, हरियाली और शांत वातावरण ने उन्हें विशेष रूप से आकर्षित किया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और आगंतुकों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

मुख्यमंत्री का स्वयं वाहन चलाकर पर्यटन स्थल तक पहुंचना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज की सराहना की। कई लोगों ने इसे एक ऐसे जनप्रतिनिधि की छवि बताया, जो राज्य की प्राकृतिक विरासत को करीब से समझने और उसे आगे बढ़ाने के लिए स्वयं पहल करते हैं।

वही, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस वीडियो को साझा किया है, जिसमें वे खुद गाड़ी चलाकर झारखण्ड की खूबसूरत वादियों, जंगलों और जोन्हा फॉल (Jonha Falls) की सैर करते हुए नजर आ रहे हैं।वीडियो के बैकग्राउंड में एक लोकप्रिय नागपुरी गाना चल रहा है और वे झारखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता की तारीफ कर रहे हैं।

झारखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, झरनों, पहाड़ों और घने जंगलों के लिए देशभर में जाना जाता है। जोन्हा फॉल राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य के पर्यटन को नई पहचान दिलाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

 

error: Content is protected !!