ट्रांसफर शिकायतों पर अब डीजीपी की सीधी नजर, झारखण्ड पुलिस मुख्यालय ने बनाई नई समिति

 

राँची।झारखण्ड पुलिस में तबादलों से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने महत्वपूर्ण पहल की है।पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी मामलों की सुनवाई और समाधान के लिए गठित शिकायत कोषांग समिति का पुनर्गठन कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा 23 जून को जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में गठित समिति में संशोधन करते हुए नई समिति का गठन किया गया है। इस बार समिति की कमान स्वयं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के हाथों में सौंपी गई है, जिससे ट्रांसफर से जुड़े मामलों के निष्पादन में जवाबदेही और निगरानी दोनों मजबूत होने की उम्मीद है।

समिति में शामिल अधिकारी:

डीजीपी- तदाशा मिश्र — अध्यक्ष
एडीजी- मनोज कौशिक — सदस्य
आईजी- असीम विक्रांत मिंज — सदस्य
आईजी-पंकज कम्बोज — सदस्य

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि नई समिति के गठन से ट्रांसफर से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और पुलिसकर्मियों की शिकायतों का समाधान अधिक निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से हो सकेगा। समिति स्थानांतरण संबंधी आवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक अनुशंसाएं देगी तथा प्राप्त शिकायतों पर भी विचार करेगी।इस पुनर्गठन को पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने और कर्मियों के बीच भरोसा मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

error: Content is protected !!