राँची में JPL फाइनल के दौरान बेकाबू भीड़, JSCA स्टेडियम के वेस्ट गेट पर भगदड़ और तोड़फोड़…

 

राँची।क्रिकेट के रोमांच ने मंगलवार शाम उस वक्त अव्यवस्था का रूप ले लिया, जब जेपीएल फाइनल मुकाबला देखने के लिए हजारों प्रशंसक JSCA International Stadium पहुंच गए। दर्शकों की संख्या अनुमान से कहीं अधिक होने के कारण स्टेडियम के वेस्ट गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रवेश व्यवस्था चरमरा गई।

फाइनल मुकाबले को लेकर दोपहर से ही क्रिकेट प्रेमियों का स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे मैच का समय नजदीक आया, वेस्ट गेट पर लोगों का दबाव तेजी से बढ़ता गया। प्रवेश जांच की धीमी प्रक्रिया और बढ़ती कतारों के बीच हालात बिगड़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से लगातार बढ़ रहे दबाव के कारण गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हुई, जिसने कुछ ही देर में भगदड़ का रूप ले लिया।अफरा-तफरी के दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। कुछ को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ दर्शकों को गंभीर चोट लगने की भी खबर सामने आ रही है। मौके पर मौजूद लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिली।

लंबे इंतजार, अव्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर उठते सवालों के बीच दर्शकों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज भीड़ ने बैरिकेडिंग को धक्का देकर तोड़ दिया और वेस्ट गेट पर तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। कुछ देर तक स्टेडियम परिसर के बाहर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

घटना के बाद सुरक्षा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में दर्शकों की संभावित संख्या का सही आकलन नहीं होने और प्रवेश व्यवस्था की कमजोरी को इस अव्यवस्था की बड़ी वजह माना जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन और आयोजन से जुड़े अधिकारियों की ओर से घायलों की संख्या तथा नुकसान के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

error: Content is protected !!