भागते-भागते फेंकी चेन,फिर भी नहीं बच पाया स्नैचर, जनता ने दौड़ाकर दबोचा बदमाश
राँची।राजधानी राँची में बाइकर्स गैंग का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अपराधियों ने शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिनदहाड़े पुलिस लाइन के पास एक महिला से सोने की चेन झपटने की कोशिश करने वाले दो बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।
घटना कांके रोड स्थित गोंदा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार एक महिला डॉक्टर के पास जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और शोर मचाने लगीं।
महिला की आवाज सुनते ही आसपास के लोग हरकत में आ गए। खुद को घिरता देख अपराधियों ने छीनी गई चेन सड़क पर फेंक दी और भागने लगे। लेकिन लोगों का गुस्सा इस बार अपराधियों पर भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।
सुरक्षित इलाके में वारदात से बढ़ी चिंता
जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह पुलिस लाइन के नजदीक होने के कारण शहर के सबसे सुरक्षित क्षेत्रों में गिना जाता है। ऐसे इलाके में स्नैचिंग की कोशिश ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में राजधानी में महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाकर चेन और मोबाइल झपटने की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि महिला से स्नैचिंग का प्रयास किया गया था। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और महिला की चेन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके फरार साथी और पूरे गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
इस बार नहीं बच पाए बदमाश
राजधानी में अक्सर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाने वाले बाइकर्स गिरोह का एक सदस्य इस बार आम लोगों के हत्थे चढ़ गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से न केवल महिला की चेन बच गई, बल्कि एक अपराधी भी सलाखों के पीछे पहुंच गया। अब पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से शहर में सक्रिय स्नैचिंग गैंग के कई राज सामने आ सकते हैं।

