टाटीसिल्वे फिलिंग स्टेशन में मॉक ड्रिल: गैस रिसाव व सिलेंडर विस्फोट जैसी आपात स्थितियों से निपटने का हुआ अभ्यास

राँची।जिले के टाटीसिल्वे स्थित फिलिंग स्टेशन परिसर में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने और हाइड्रोटेस्ट फेल होने जैसी आपात स्थिति का दृश्य बनते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि यह किसी वास्तविक हादसे का नहीं, बल्कि गेल (इंडिया) लिमिटेड, राँची सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) द्वारा आयोजित ऑफ-साइट मॉक ड्रिल का हिस्सा था। अभ्यास का उद्देश्य प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से जुड़ी संभावित आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को परखना था।

गौरतलब है कि गेल (इंडिया) लिमिटेड के राँची सीजीडी नेटवर्क के माध्यम से शहर के 25 हजार से अधिक घरों, 28 सीएनजी स्टेशनों, 200 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 16 औद्योगिक इकाइयों को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है। इसके लिए लगभग 850 किलोमीटर लंबी एमडीपीई पाइपलाइन बिछाई गई है। इसी व्यापक नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान गैस रिसाव, सिलेंडर विस्फोट और हाइड्रोटेस्ट फेल होने जैसी काल्पनिक घटनाओं के आधार पर बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां हुईं शामिल:
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, जिला पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने संयुक्त रूप से आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने भी मॉक ड्रिल को देखा तथा गैस से जुड़ी संभावित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त की।

खुदाई से पहले देना होगा सूचना:
सीजीडी राँची के डीजीएम (जीए इंचार्ज) प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि गैस वितरण नेटवर्क अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में गैस रिसाव की स्थिति में क्या करना है, इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर में पाइपलाइन के ऊपर प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर रूट मार्कर लगाए गए हैं, जो यह संकेत देते हैं कि वहां से हाई प्रेशर गैस लाइन गुजर रही है। किसी भी प्रकार की खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित व्यक्ति को मार्कर पर अंकित फोन नंबर पर सूचना देनी चाहिए या खुदाई एप के माध्यम से अनुमति के लिए अनुरोध करना चाहिए।

गैस रिसाव की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी:
सीजीडी राँची के फायर एंड सेफ्टी विभाग के प्रभारी सौरव आनंद ने बताया कि राँची में गैस नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है, ऐसे में सामुदायिक जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं प्राकृतिक गैस पाइपलाइन में रिसाव की आशंका हो तो स्थान की जानकारी के साथ गेल कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1800123121111 पर तत्काल सूचना दें। उन्होंने बताया कि गैस से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राँची शहर में 24 घंटे दो फायर बाइक और एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन तैनात रहते हैं, ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

error: Content is protected !!