आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला मामला:आरोपी सैफ अंसारी पर तीन अलग-अलग थाना में केस दर्ज, ATS ने संभाली जांच

 

राँची।राँची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना के बाद पुलिस ने पेट्रोल बम फेंकने वाले आरोपी सैफ अंसारी के खिलाफ तीन अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में अमन अंसारी और सायन सुजान को भी एक केस में नामजद किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चुटिया थाना में दर्ज मामले की जांच अब झारखण्ड एटीएस (ATS) ने अपने हाथ में ले ली है।केस टेकओवर करने के बाद एटीएस की टीम सोमवार को आरएसएस ऑफिस पहुँची।आरएसएस ऑफिस से सीसीटीवी फुटेज संग्रह किया गया औऱ ऑफिस के लोगों से जानकरी लिया।

एटीएस डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही, दफ्तर और उसके आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।एटीएस के डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स इन फुटेज को खंगाल रहे हैं ताकि अन्य संदिग्धों की पहचान की जा सके।जांच के दौरान एटीएस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस तरफ भागे। संदिग्धों के आने-जाने वाले सभी संभावित रास्तों की मैपिंग की जा रही है।स्थानीय लोगों और दफ्तर के सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ किया।

 

पुलिस के अनुसार, पहला मामला चुटिया थाना कांड संख्या 85/26 के रूप में दर्ज किया गया है। इसमें सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायन सुजान को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं तथा यूएपीए की धारा 16 और 18 के तहत कार्रवाई की गई है।दूसरी प्राथमिकी कोतवाली थाना कांड संख्या 140/26 के तहत दर्ज की गई है, जिसमें सैफ अंसारी को बीएनएस की धारा 262 और 324(4) के तहत आरोपी बनाया गया है।वहीं तीसरा मामला चान्हो थाना कांड संख्या 85/26 में दर्ज हुआ है। इस केस में सैफ अंसारी के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 27 भी लगाई गई है।तीनों मामलों में संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।हालांकि, आरएसएस कार्यालय पर हमले से जुड़े मुख्य केस को झारखण्ड एटीएस ने टेकओवर कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।

पेट्रोल बम हमले से एनकाउंटर तक: सैफ अंसारी पर तीन केस, ATS कर रही जांच

राँची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना में गिरफ्तार मुख्य आरोपी सैफ अंसारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ तीन अलग-अलग थानों में तीन प्राथमिकी दर्ज की हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने तब नया मोड़ ले लिया जब गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस हाजत से फरार हो गया और बाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में घायल अवस्था में दोबारा पकड़ा गया।

बता दें घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सैफ अंसारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन गिरफ्तारी के बाद सैफ के हाजत से फरार होने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। इसके बाद शुरू हुए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सैफ घायल हो गया और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।फिलहाल पुलिस और एटीएस इस बात की जांच कर रही हैं कि हमले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं थी। वहीं फरारी और मुठभेड़ से जुड़े मामलों की भी अलग-अलग स्तर पर जांच जारी है।

error: Content is protected !!