पुलिस पर गोली चलाने के आरोपी पीएलएफआई उग्रवादी 13 साल के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा…..

खूँटी।झारखण्ड में खूँटी जिला पुलिस ने 13 वर्षों से फिरार चल रहे पीएलएफआई उग्रवादी सिरिल सोय उर्फ सिरिल तिडू को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है।सिरिल मुरहू थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ तोरपा और मुरहू थाने में दो-दो कांड दर्ज हैं। सिरिल ने 10 अगस्त 2009 को कमड़ा मोड़ के पास खेल मैदान में चल रहे फुटबॉल मैच की समाप्ति के बाद तपकरा निवासी मो.निजाम खान को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। ठीक उसी वक्त पुलिस टीम मैदान से कुछ ही दूरी पर गश्त लगा रही थी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर भी उग्रवादियों ने हमला कर दिया था,आत्मरक्षार्थ जब पुलिस ने गोली चलाई, तो पीएलएफआई का एक उग्रवादी मारा गया था।

सिरिल सोय मुरहू के जामड़ा लकड़ी बाजार में लेवी वसूलता था। 21 सितंबर 2010 को सिरिल सोय समेत अन्य पीएलएफआई उग्रवादी जामड़ा बाजार पहुंचे थे, जहां वे गानालोया निवासी साबर महतो को खोज रहे थे। उसी दौरान उग्रवादियों ने अनिल महतो से नाम व पता पूछा और साबर महतो के संबंध में भी पूछताछ की थी। जब अनिल ने कहा कि वह साबर महतो को नहीं पहचानता है, तब उग्रवादियों ने अनिल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उग्रवादी सिरिल सोय ने 06 मई 2016 को कुंजला गांव के निकोलस सुरीन और उसके पड़ोसी श्रीराम सिंह हेमरोम के घर पर लेवी नहीं देने के कारण जान मारने की नियत से हमला किया था। सिरिल सोय को गिरफ्तार करने वाली टीम में मुरहू के थाना प्रभारी मो इकबाल हुसैन,सब इंस्पेक्टर दिगम्बर सिंह,लक्ष्मण चौधरी, सुदर्शन महतो और मुरहू थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।