लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राहुल सिंह गैंग के 3 अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार, रंगदारी और हिंसक वारदात की थी साजिश…
लातेहार। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरियातू थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के तीन अपराधियों को हथियार, गोलियां, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोलानाथ गंझू, विनोद कुमार गंझू और फलिंद्र गंझू के रूप में हुई है। इनमें भोलानाथ और विनोद चतरा जिले के निवासी हैं, जबकि फलिंद्र बालूमाथ क्षेत्र का रहने वाला है।सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य बरियातू थाना क्षेत्र के बानालात गांव स्थित एक क्रशर के पास किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद एसपी के निर्देश पर बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान और बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल और जिंदा गोलियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल सिंह गिरोह के लिए काम करते हैं और लेवी वसूली के उद्देश्य से एक हिंसक वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए किया गया था। इस संबंध में पहले से मामला दर्ज है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी उमेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क तक पहुंचने की कार्रवाई कर रही है।इस सफल अभियान में बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास, सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, अनूप कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।लातेहार पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय रंगदारी और अपराधी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

