रिवॉल्वर तानकर 1.20 लाख की लूट, बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को बनाया निशाना

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गांडेय थाना क्षेत्र का है, जहां बाइक से ससुराल जा रहे एक युवक को तीन बदमाशों ने बीच सड़क पर रोककर रिवॉल्वर की नोक पर 1.20 लाख रुपये नकद, मोबाइल और बाइक की चाबी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महतोडीह निवासी मो. रुस्तम अंसारी अपने घर से नकदी लेकर बाइक (JH-11Y-5850) से ससुराल बनसिमी जा रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर कोयरीडीह मोड़ के पास सुनसान जगह में बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

इसके बाद बदमाशों ने रिवॉल्वर दिखाकर युवक को धमकाया और उसके पास मौजूद 1.20 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

अचानक हुई लूट की घटना से घबराए रुस्तम अंसारी ने किसी तरह अपने रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी और एसआई संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लूटकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस लूट की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर इस तरह की वारदात से राहगीरों में भय का माहौल बन गया है।

 

 

 

error: Content is protected !!