रफ्तार का कहर: ट्रक-हाइवा की भिड़ंत से मुख्य सड़क पर बिखरा कोयला..

 

लातेहार।शनिवार सुबह चंदवा के इंदिरा गांधी चौक के पास राँची-पलामू मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक और हाइवा की आमने-सामने टक्कर ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हादसा इतना जोरदार था कि एक ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा, जबकि उसमें लदा कोयला सड़क पर बिखर गया।टक्कर के बाद मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। सुबह के व्यस्त समय में हुई इस दुर्घटना के कारण कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क पर फैले कोयले और क्षतिग्रस्त वाहनों की वजह से कुछ समय तक यातायात लगभग ठप रहा।

सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
काफी मशक्कत के बाद सड़क से वाहनों और बिखरे कोयले को हटाने का काम शुरू हुआ, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

error: Content is protected !!