नामकुम गोलीकांड का खुलासा: दो अपराधी गिरफ्तार, फरार मुख्य शूटर की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र के सामलोंग इलाके में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के महज कुछ ही समय बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोली मारकर युवक को घायल करने के आरोप में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे सामलोंग स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी के गेट के पास अराफात अपार्टमेंट के समीप शमशेर आलम नामक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में घायल शमशेर आलम के पिता सउद आलम के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद टीपू उर्फ सद्दाम (28 वर्ष) और मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ बौना (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी के रहने वाले हैं।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों अपराधियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गोलीकांड में शामिल मुख्य शूटर की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस वारदात के पीछे की पूरी साजिश और कारणों का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

